गुरुर। गुरुर थाने में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर परसुली के रहने वाले विनोद नेताम के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। मामला असल में छवि खराब करने से जुड़ा हुआ है। विनोद नेताम जो खुद को मीडिया कर्मी भी बताता है, के द्वारा इंटरनेट मीडिया पर एक भ्रामक पोस्ट शेयर किया गया है। जिसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तामेश्वर साहू की छवि को खराब करने की कोशिश की गई है। साथ ही उक्त पोस्ट में उनके साथ विधायक संगीता सिन्हा की पुरानी तस्वीर भी डाल दी गई है। जिस पर कांग्रेसी भी खफा है और इसे आने वाले चुनाव को देखते हुए विधायक की छवि खराब करने को लेकर भी आपत्ति जता रहे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेसी थाने पहुंचे और उक्त पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही पृथक से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तामेश्वर साहू ने एक लिखित आवेदन भी दिया है जो विनोद नेताम द्वारा समाज में अश्लीलता फैलाए जाने को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि विगत दिनों सनौद थाने के पास उक्त व्यक्ति नग्न अवस्था में बैठा हुआ था। उक्त हरकत से समाज में दुष्प्रभाव पड़ा है। जिसे लेकर विनोद के खिलाफ मामला दर्ज करने को लेकर भी मांग की गई है

ब्लॉक अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी
भ्रामक पोस्ट किए जाने और विनोद नेताम द्वारा नग्न अवस्था में थाने के सामने बैठने को लेकर जल्द से जल्द पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग ब्लॉक अध्यक्ष तामेश्वर साहू ने की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। वहीं उन्होंने इसे विपक्षी लोगों के साथ मिली भगत कर उन्हें और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने की साजिश बताया। कार्रवाई की मांग को लेकर ग्राम विकास समिति कंवर के लोग भी पहुंचे हुए थे। जिन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष तामेश्वर साहू की गांव में सम्मानजनक स्थिति है। उनके सम्मान को धूमिल करने और छवि खराब करने के उद्देश्य विनोद द्वारा भ्रामक पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर किया गया है। कार्रवाई की मांग को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तामेश्वर साहू, सादिक अली, डॉक्टर किशोर साहू, ओंकार साहू, सुमित राजपूत, जितेंद्र यादव,दुर्गुराम सिन्हा, शैलेश मोनू ठाकुर आदि थाने पहुंचे थे।






