पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के एक जिला अध्यक्ष ने अपने ऊपर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता जागेश्वर वर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 25 जुलाई 2026 को वह अमलेश्वर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में शामिल होने गए थे। बैठक के बाद शाम करीब 7:30 बजे वे अपने साथियों के साथ आई-20 कार से दुर्ग लौट रहे थे। उनके साथ संगठन की महिला जिला अध्यक्ष रूपकला श्रीवास, रुखमणी कोशले एवं राहुल वर्मा भी मौजूद थे।

आवेदन के अनुसार, ग्राम पाहंदा से आगे परसदा नाला के पास एक काले रंग की फॉर्च्यूनर (क्रमांक CG04LQ-7777) और एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनकी कार को रोक लिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों वाहनों से 10 से 11 युवक धारदार हथियार लेकर उतरे, गाली-गलौज करते हुए कार से नीचे उतरने के लिए कहा तथा जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने किसी तरह वाहन को मौके से निकालकर अपनी और साथ में मौजूद महिला पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। घटना के बाद 26 जुलाई को अमलेश्वर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






