पाटन में बिजली विभाग का जागरूकता कार्यक्रम, विद्युत विभाग का एक दिवसीय कार्यशाला, उपभोक्ताओं को उनके अधिकार की दी जानकारी


पाटन। : दुर्ग जिले के पाटन में विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और शिकायत निवारण प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं की समस्याएं भी सुनी गईं और उनका मौके पर समाधान किया गया।
पाटन के गोंडवाना भवन में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग द्वारा विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष पी. वी. संजीव वर्गीस ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और समयबद्ध समाधान की जानकारी दी। वहीं कार्यपालन अभियंता बी. पी. दीपक ने विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकारों एवं विभाग द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यपालन अभियंता श्रीमती ममता कश्यप ने भी उपभोक्ताओं को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं ने बिजली बिल, विद्युत आपूर्ति और अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। मौके पर जिला पंचायत दुर्ग के सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी  सहित नीरज सोनी,
कुणाल भाले,  विभाग के सभी सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।