निकुम महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

निकुम। स्वर्गीय पुकेश्वर सिंह भारदीय शासकीय महाविद्यालय, निकुम में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भाषण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

सहायक प्राध्यापक (वनस्पति शास्त्र) अन्नपूर्णा यादव ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कारगिल विजय दिवस की पृष्ठभूमि, ऑपरेशन विजय, स्वतंत्रता के बाद भारत-पाकिस्तान के राजनीतिक संबंधों तथा ऐतिहासिक परिदृश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) वेद प्रकाश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश और समाज के हित में कार्य करने के लिए हमें अपनी आंतरिक कमजोरियों को दूर करना होगा।

सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) पूजा अग्रवाल ने कारगिल विजय दिवस से देशवासियों को मिलने वाली प्रेरणाओं और सीख पर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. के. बैलेंद्र ने विद्यार्थियों से इतिहास की घटनाओं से प्रेरणा लेकर भविष्य के निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अन्नपूर्णा यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. सीमा जायसवाल, अंजू रानी ठाकुर, डॉ. ओंकार प्रसाद चंद्रा, डॉ. शिप्पी देवांगन सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।