अंडा और निकुम स्कूल में सड़क सुरक्षा व साइबर फ्रॉड को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया



अंडा। फोटो।  न्याय सबके लिए के उद्देश्य को लेकर विधिक साक्षरता शिविर के अंतर्गत सड़क सुरक्षा एवं साइबर फ्रॉड से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंडा,
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय निकुम तहसील एवं जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) में किया गया।
यह कार्यक्रम श्री द्विजेंद्र नाथ ठाकुर, सिविल न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, दुर्ग के मार्गदर्शन एवं अंडा पुलिस के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को यातायात नियमों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही दुर्घटनाओं से बचाव हेतु सावधानी बरतने पर विशेष जोर दिया गया।
साइबर फ्रॉड के विषय में छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक और मैसेज के माध्यम से होने वाले धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को ओटीपी, बैंक विवरण एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने, अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक से दूर रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में  अंडा थाना प्रभारी पारस ठाकुर, उपनिरीक्षक तुलसीराम साहू, आरक्षक तेजेश्वर साहू, भीषम करैत, रामशरण साहू, योगेश श्रीवास्तव
सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति रही। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में छात्रों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।