Ayodhya Deepotsav : हजारों दीपमालाओं से जगमग हुए सरयू घाट, धरा से लेकर नभ तक फैली रामनगरी की आभा…

अयोध्या

दीपावली पर रामनगरी अयोध्या भगवान श्रीराम के स्वागत में भव्य-नव्य रूप लिए है। रामनगरी में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पहुंचे। सबसे पहले सीएम योगी रामकथा पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने रामायण कालीन प्रसंगों पर आधारित निकाली जा रही शोभायात्रा की अगवानी की। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य नेता मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ 500 वर्षों बाद बालक राम के भव्य मंदिर में विराजने के बाद से अयोध्यावासी खुशी से सराबोर दिखे।

महाआरती का भी बना रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इस बार एक और बड़ा रिकॉर्ड बना। यह रिकॉर्ड सरयू तट पर महाआरती का है। शाम को सरयू आरती में 1121 अर्चक और बटुक मौजूद रहे। सभी बटुक एक ही वेशभूषा में नजर आए। 15 मिनट तक होने वाली आरती में इतनी संख्या में बटुकों का जुटना, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।

25 लाख से ज्यादा दीये जलाए, बना रिकॉर्ड
शाम को राम की पैड़ी पर दीपों को जगमग करने का काम शुरू हुआ। । करीब 55 घाटों पर 25 लाख 12 हजार 585 दीप जले। इन्हें प्रज्ज्वलित करने की जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलंटियर्स को दी गई। शाम तक सभी दीए जले। इसके बाद गिनीज बुक की टीम ने ड्रोन से गिनती कर रिजल्ट घोषित किया।

सीएम ने खुद खींचा शोभायात्रा का रथ
पुष्पक विमान से उतरकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व मां सीता राम दरबार तक आने के लिए रथ पर सवार हुए तो इस रथ को स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खींचा, इसके बाद सहयोग के लिए उनके मंत्रीगण सूर्यप्रताप शाही व उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी साथ आ गए। शहर भ्रमण कर रहीं रामायण कालीन प्रसंगों को दर्शाती झांकियों को देखने के लिए लोगों की भारी उमड़ी। ये सभी झांकियां अंत में रामकथा पार्क पहुंचीं।