पाटन।पूर्व माध्यमिक शाला दरबार मोखली में शनिवार को ‘बैगलेस डे’ (बस्ता विहीन दिवस) के अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ मेहंदी लगाओ, राखी बनाओ और थाली सजाओ प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी छिपी हुई प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


सावन के पवित्र महीने और आगामी त्योहारों को देखते हुए स्कूल परिसर में इस विशेष गतिविधि का आयोजन किया गया था। बिना बस्ते के स्कूल पहुंचे बच्चे सुबह से ही बेहद उत्साहित नजर आए।

मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरा हुनर

मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन बनाए। हथेलियों पर रची हरी-भरी मेहंदी के माध्यम से बच्चों ने सावन के उल्लास को दर्शाया।


राखी बनाओ प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मकता
राखी बनाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने बाजार की महंगी राखियों को छोड़, घर पर ही उपलब्ध रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, गिट्टियों और सजावटी सामानों से बेहद खूबसूरत राखियाँ तैयार कीं। बच्चों द्वारा बनाई गई इन स्वनिर्मित राखियों में उनकी रचनात्मकता और भाई-बहन के पवित्र प्रेम की झलक देखने को मिली।

थाली सजाओ प्रतियोगिता रहा मुख्य आकर्षण
पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता भी इस आयोजन का मुख्य केंद्र रही। छात्रों ने रोली, चंदन, अक्षत, दीपक और फूलों का उपयोग करके थालियों को बहुत ही सुंदर ढंग से सजाया।
प्रतियोगिता में राखी बनाओ में प्रथम धारणा टंडन द्वितीय वैष्णवी तृतीय कनिष्क यादव रहे।वहीँ महेंदी में प्रथम हेमा द्वितीय मानसी टंडन रही और थाली सजाओ में प्रथम हेमा यादव दितीय वैष्णवी निर्मलकर रहीं।

विद्यालय के प्रधानपाठक श्रीमती हीरा वर्मा ने बच्चों के इस हुनर की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मानसिक विकास होता है और वे अपनी संस्कृति से जुड़ते हैं। प्रतियोगिता के अंत में विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी स्टाफ उपस्थित रहे।








