कांकेर के मरकाटोला गांव में दो ग्रामीणों की जान लेने वाले भालू को एक्सपर्ट टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ा। ग्रामीणों ने विरोध किया, वन विभाग और पुलिस से झूमाझटकी हुई।

कांकेर। जिले के मरकाटोला गांव में दो ग्रामीणों की जान लेने वाले आक्रामक भालू को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। रायपुर से पहुंची वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) कर काबू में किया। इसके बाद उसे सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालय लाया जा रहा है।
गौरतलब है कि मरकाटोला गांव में भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दो लोगों की जान ले ली थी, जबकि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया था। रेस्क्यू के दौरान भालू ने वन विभाग की गाड़ी पर भी हमला किया था, जिससे अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया था।
भालू को बेहोश किए जाने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने भालू पर हमला करने की कोशिश की, जिसे रोकने के दौरान वन विभाग और पुलिस की टीम के साथ झूमाझटकी भी हुई। पुलिस और वन अमले ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और भालू को सुरक्षित वाहन में शिफ्ट कराया।
मरकाटोला गांव में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में अभी भी भय और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और वन विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की है। वहीं, घटना के कारणों और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी वन विभाग जांच और समीक्षा कर रहा है।






