बेलौदी फूड पाइजनिंग मामला: गाड़ाडीह अस्पताल में भर्ती महिला की मौत, गांव में बढ़ी चिंता, चिकित्सक का कहना हार्ट अटैक का संभावना, पढ़िए पूरी खबर


पाटन। बेलौदी गांव में फैले कै-दस्त और फूड पाइजनिंग मामले के बीच गाड़ाडीह अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सरस्वती निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चिकित्सकों के अनुसार महिला का कै-दस्त काफी हद तक ठीक हो चुका था और अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक महिला की तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक जैसे लक्षण सामने आए। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक कार्डियक अटैक आने से महिला की मौत हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि मौत फूड पाइजनिंग, संक्रमण या अन्य किसी कारण से हुई है।
गौरतलब है कि बेलौदी गांव में पिछले दो दिनों से कै-दस्त का प्रकोप फैला हुआ है। बाजार में गुपचुप खाने के बाद 60 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर इलाज और सर्वे कार्य में जुटी हुई है।
इधर एक महिला की मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग भी अब पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गया है।