सात महीने से पशु शेड की राशि का इंतजार कर रहे हितग्राही,सीएम हेल्पलाइन नम्बर पर शिकायत भी बेअसर


पंडरिया। पंडरिया जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले ग्राम कोदवा गोडान में शासन की योजना के तहत पशु शेड निर्माण की राशि विगत 7 माह से लंबित होने की शिकायत सरकार द्वारा बहुप्रचारित सी एम हेल्पलाइन में भी बेअसर साबित हुई!
इस संबंध में स्थानीय हितग्राही रविनंदन पांडेय ने बताया कि उन्होंने छ ग सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पशुशेड का निर्माण कराया था !उक्त कार्य 5/12/25 को पूर्ण होने के पश्चात पंचायत विभाग द्वारा मूल्यांकन व तथा निरीक्षण भी कर लिया गया था!निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात मजदूरों की राशि का भुगतान तो मनरेगा के तहत कर दिया गया किंतु राजमिस्त्री की मजदूरी और निर्माण सामग्री का भुगतान 6महीने बीतने के बाद भी नहीं हुआ और संबंधितों के द्वारा हितग्राही पर राशि भुगतान के लिए दबाव बनाए जाने से विवश होकर श्री पांडेय ने 10 जुलाई 2026 को CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत क्रमांक WP260700086923 दर्ज कराई। उक्त शिकायत के एक माह बीतने के बाद भी जब राशि नहीं मिली तो उन्होंने हेल्पलाइन पर स्थिति जानने के लिए फोन लगाया वहां से तो जवाब मिला कि “शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी गई है, निराकरण किया जाएगा”।
उन्होंने कहा कि “CM हेल्पलाइन को लेकर जिस प्रकार प्रचार किया जाता है, जमीनी हकीकत उससे बिल्कुल अलग है।
बहुप्रचारित हेल्प लाइन में की गई शिकायत के एक माह बाद भी समाधान को लेकर अनिश्चय वाला जवाब दिया जाता है तो ऐसी स्थिति में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जन में CM हेल्पलाइन की विश्वसनीयता पर भी पर सवाल खड़े होते हैं!सरकारी सहायता की उम्मीद में पशु शेड निर्माण कार्य कराने वाले यहां के दो अन्य हितग्राहियों की भी यही कहानी है!उनका भी कहना है कि लंबे समय तक व्यय राशि नहीं मिलने से कर्जदारों की ओर से लगातार आर्थिक दबाव पड़ रहा है !
हितग्राहियों ने जिला प्रशासन और राज्य गौ सेवा आयोग से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द भुगतान कराने की मांग की है।