पाटन। ब्लॉक के ग्राम औसर के प्राथमिक शाला के हेड मास्टर व वहां पर मध्यान्ह भोजन का संचालन करने वाले स्व सहायता समूह को कारण बीईओ द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बता दे कि एक दिन पहले ही सीजी मितान ने बच्चों के मध्यान्ह भोजन में डंडी शीर्षक से ख़बर प्रकाशित किया था। उसके बाद बीईओ पाटन श्री जगदल्ले ने एबीईओ प्रदीप महिलांगे को जांच के निर्देश दिये थे। जांच प्रतिवेदन आने के बाद नोटिस देने की कार्रवाई की गई।

पाटन विकासखंड के ग्राम औसर में प्राथमिक शाला में पढ़ रहे बच्चों के मध्यान्ह भोजन में डंडी मारे जाने की खबर प्रकाशन के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जांच के निर्देश देकर जांच प्रतिवेदन आने के बाद प्राथमिक शाला औसर के हेड मास्टर श्रीमती सरिता साहू एवं स्व सहायता समूह संचालन करने वाले एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। बता दें कि ग्राम अवसर में ग्रामीणों के द्वारा औचक निरीक्षण में स्कूल में बन रहे मध्यान्ह भोजन में मानक के अनुरूप नहीं बन रहा था। वही बच्चों के दर्ज अनुसार भी मध्यान्ह भोजन की मात्रा कम थी। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन में गुणवत्ता की भी कमी पाई गई। बच्चों को भी काफी कम सब्जी परोसे जा रहे थे। इसके बाद जब इस विषय पर खबर प्रकाशन हुई इसके बाद बीईओ जी आर जगदल्ले ने सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे को जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद आज नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई । बता दें कि ग्रामीणों ने जांच के दौरान यह भी बताया कि यहां की प्राथमिक शाला में शिक्षा व्यवस्था भी काफी चरमरा गई है। वहां पर हेड मास्टर का भी शिकायत किया गया था जिसके आधार पर उसे शिक्षण गुणवत्ता में सुधारने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सहायता समूह को अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है कि भविष्य में इस तरह की घटना हुई या फिर बच्चों के मध्यान्ह भोजन मैं गुणवत्ता की कमी आई तो संबंधित मध्यान्ह भोजन चलाने वाले स्व सहायता समूह को हटा दिया जाएगा।






