भरदा बाढ़ आपदा: 210 मजदूरों को मौत के मुंह से निकाला; मंत्री गजेंद्र यादव पहुंचे ग्राउंड जीरो पर, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

संजय साहू अंडा

 दो दिनों से लगातार बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भरदा, आलबरस, चंगोरी, खाड़ा, रूदा, तिरगा, झोला और भोथली गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से एन.के. और एच.बी., आर. के. एम. के ईंट भट्टा तथा कृषि बाड़ियों में काम कर रहे 210 महिला, पुरुष और बच्चों सहित मजदूर फंस गए थे।

मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत भरदा की सरपंच सुनीता जयप्रकाश भारदीय, सभापति लोमश चंद्राकर, पूर्व सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख सहित आलबरस सरपंच भूवन लाल देशमुख सुबह से ही राहत कार्य में जुटे रहे। सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालकर ग्राम भरदा के प्राथमिक शाला एवं सामुदायिक भवन में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर में ठहराया गया है। सरपंच द्वारा सभी पीड़ित मजदूरों के लिए भोजन और राशन सामग्री की व्यवस्था की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तत्काल भरदा पहुंचे और राहत शिविर में ठहरे मजदूरों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और प्रशासन को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसपी विजय अग्रवाल, एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। साथ ही ईंट भट्ठा संचालक गोपाल चक्रधारी, रोशन देशमुख, हरिशंकर चक्रधारी, पूर्व सरपंच जयप्रकाश भारदीय, टिकेश्वरी देशमुख, लोमश चंद्राकर, पंच चंद्रिका देशमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।