भिलाई। वार्ड क्रमांक 10 में पानी की समस्या को लेकर रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि कांग्रेसी पार्षद चंद्रशेखर गंवई के परिवार और वार्ड की एक महिला के बीच मारपीट की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, पानी को लेकर हुए विवाद के दौरान पार्षद की बेटी और महिला के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान महिला के हाथ में पहनी चूड़ियां टूट गईं, जिससे उसे चोट आई। बताया जा रहा है कि विवाद में दोनों पक्षों के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष सुपेला थाना पहुंचे, जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। घायल महिला के समर्थन में भाजपा से जुड़े लोग भी थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। देर शाम तक दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रही। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






