दुर्ग। नेहरू नगर चौक पर युवक शिवकुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दुर्ग पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया (21 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी कर ली है।

थाना सुपेला क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर आपसी विवाद के दौरान शिवकुमार सिंह (29 वर्ष), निवासी कैंप-01, सुभाष चौक, वैशाली नगर, पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद सुपेला पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। पूर्व में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया फरार चल रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक विशाल निषाद रुआबांधा चाचा चौक, भिलाई का निवासी है। प्रकरण में विधि से संघर्षरत बालिका के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में सभी संलिप्त आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।




