भिलाई। कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 से अधिक पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में देशभर से 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भिलाई से कुल 8 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों ने बताया कि वे पिछले दो महीनों से प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठकर रोड रेस की तैयारी करते थे तथा इसके बाद दो घंटे तक रिंग में अभ्यास करते थे।
प्रतियोगिता में बतौर ऑफिशियल शामिल हुए और छत्तीसगढ़ में स्केटिंग को नई पहचान दिलाने वाले कोच दलजीत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के 400 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए थे। ऐसे बड़े मंच पर भिलाई और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मेडल जीतने के बाद खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कोच के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। इस उपलब्धि से भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर है।






