अहिवारा में भाजपा कार्यालय निर्माण हेतु भूमि पूजन 8 जून को, सांसद विजय बघेल होंगे मुख्य अतिथि

पाटन/अहिवारा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अहिवारा में भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन 8 जून 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से वार्ड क्रमांक 4 स्थित सेवा सहकारी समिति के बाजू में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डोमन लाल कोर्सवाड़ा करेंगे। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भाजपा कार्यालय के निर्माण से संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को स्थायी कार्यालय की सुविधा उपलब्ध होगी।

भाजपा अहिवारा मंडल अध्यक्ष रामजी निर्मलकर एवं भाजपा मुरमुंदा मंडल अध्यक्ष कुमन साहू ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।