बालोद। जिले के राजहरा नगर से एक बेहद ही दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है, देर रात स्विफ्ट कार के बिजली खंभे से टकरा जाने से कार सवार 6 लोगों में से एक 24 वर्षीय इंजीनियरिंग कर रही छात्रा की मौत हो गई, सभी कार सवार एक ही परिवार के सदस्य है और शादी के कार्यक्रम से वापस घर जा रहे थे।

मिली जानकारी अनुसार बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात लगभग 12 बजे के आसपास राजहरा के पुराना बाजार स्थित हिन्दू होटल के सामने एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 07 बीएम 1040 के चालक ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जबरदस्त ढंग से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे से बना बिजली पोल बुरी तरह से मुड़ गया और कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार में 06 लोग सवार थे और इस दुर्घटना में 24 वर्षीय शारदा पाटिल निवासी बंधिया पारा डौंडी की मृत्यु हो गई वहीं अन्य 05 लोगों को सामान्य चोटे आई है।

बताया जा रहा है कि उक्त कार में सवार सभी लोग ग्राम चिपरा में शादी कार्यक्रम से वापस डौंडी लौट रहे थे, सभी चिपरा में संपन्न हुए विवाह की दुल्हन के परिजन है और शादी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद घर वापस जाते समय ये हादसा हो गया। कार को मृतिका शारदा के दादा 55 वर्षीय रंजीत पाटिल चला रहे थे। मृतिका बिलासपुर में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी।


घटना के बाद के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टकराने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और घटना को देख पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद डायल 112 के माध्यम से सभी को शहीद अस्पताल ले जाया गया, जहां युवती शारदा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजहरा पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्यवाही की जा रही है।






