छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग ने जारी किया आदेश, नवीन पंजीयन और फसल-रकबे में संशोधन के लिए मिला अतिरिक्त समय

पाटन। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने किसानों को राहत देते हुए एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है। इससे अब तक पंजीयन नहीं करा पाए किसानों को अतिरिक्त समय मिल सकेगा। वहीं पूर्व में पंजीकृत किसानों को अपनी फसल एवं रकबे से संबंधित जानकारी में संशोधन कराने का भी अवसर मिलेगा।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 2 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार वर्ष 2026-27 में एकीकृत किसान पोर्टल के नवीन पंजीयन तथा पंजीकृत फसल एवं रकबे में संशोधन की कार्रवाई के लिए पूर्व में 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई थी।

संचालनालय कृषि द्वारा जिलों के उप संचालक कृषि से पंजीयन की तिथि 15 नवंबर 2026 तक बढ़ाने संबंधी प्राप्त प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए शासन ने अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन के लिए 15 नवंबर 2026 तक अतिरिक्त समय का प्रावधान किया जा रहा है। शेष निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे।
इस निर्णय से प्रदेश के उन किसानों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा में अपना पंजीयन नहीं करा पाए थे या अपनी फसल एवं रकबे की जानकारी में संशोधन नहीं करवा सके थे।






