नई दिल्ली से कामाख्या जा रही नॉर्थ एक्सप्रेस बुधवार की रात बिहार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बक्सर जंक्शन से ट्रेन खुलने के कुछ ही देर बाद रघुनाथपुर पूर्वी गुमटी के पास हुआ। अबतक प्राप्त सूचना के अनुसार ट्रेन की 21 बोगियां बेपटरी हुई हैं, जिनमें से दो के पलट गई हैं। एक बोगी बेपटरी होने और दूसरी से टकराने के बाद किनारे गिर गई है। पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों ने अभी घायलों के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं होने की बात कही है। ट्रेन की कितनी बोगियां बेपटरी हुई हैं, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। जिला प्रशासन ने 60 से 70 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।







