भिलाई। ग्राम अकलोरडीह में रविवार को एक बाइक सवार खड़े ट्रक के पीछे जाकर टकरा गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि काली मंदिर चौराहा अटल आवास उमदा भिलाई-तीन निवासी होरी लाल सागर (55) इस हादसे का शिकार हुआ है। वह रविवार की शाम को बाइक से काम से वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में ग्राम अकलोरडीह हथखोज में सुप्रीम केमिकल कंपनी के सामने खड़े एक ट्रक एनएल 02 क्यू 9097 से टकरा गया।
चालक ने बिना किसी संकेतक के ट्रक को सड़क पर खड़ा कर दिया था। इस कारण से बाइक चालक को उसका अंदाजा नहीं हुआ और वह इस हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसके मुंह, सिर और नाक पर गंभीर चोट लगी। उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।






