पाटन/दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी-पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने गए आठ दोस्तों का समूह हादसे का शिकार हो गया। नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में दो किशोर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही एस.डी.आर.एफ. दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एस.डी.आर.एफ. की टीम ने गहरे पानी में डीप डाइविंग कर तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि दूसरे बालक की तलाश देर शाम तक जारी रही।

मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष) पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेहान अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी पहुंचा था। नहाते समय नदी के तेज बहाव में वह और उसका एक अन्य साथी बह गए।

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व धनीराम यादव ने किया। अभियान में एस.डी.आर.एफ. के जवान भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा एवं भानुप्रताप ने भाग लिया।
पुलिस और एस.डी.आर.एफ. की टीम लापता दूसरे बालक की तलाश में लगातार जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल है।






