जिला पंचायत अध्यक्ष सहित भाजपा समर्थित सदस्यों ने सामान्य सभा का किया बहिष्कार, एजेंडा की कॉपी सदन में फेंकी गई, जांच कमेटी नहीं बनाए जाने से नाराज है सदस्य

दुर्ग। जिला पंचायत दुर्ग के सामान्य सभा की बैठक का जिला पंचायत अध्यक्ष सहित विभिन्न समितियों के सभापति व सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। दरअसल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत की गई सड़क निर्माण के एक मामले में सदस्यों ने जांच के लिए कमेटी न बनाए जाने का निर्देश दिया गया था। लगातार दो बैठकों में निर्देश देने के न बाद भी कमेटी का गठन नहीं किए जाने से सदस्य बिफर गए। जिला पंचायत दुर्ग के सभागार में हुई जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बता दें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नवागांव से करेली तक सड़क निर्माण स्वीकृत हुआ था। लेकिन विभाग द्वारा इसमें संशोधन किए बिना करेली से पुरदा तक सड़क निर्माण कर दिया गया। पूर्व में हुई जिपं सामान्य सभा की बैठक में यह मामला उठने पर सदस्यों ने जांच कमेटी बनाए जाने का निर्देश दिया था। लेकिन लगातार दो बैठक में दिए गए निर्देश का संबंधित विभाग के अधिकारी ने पालन नहीं किया। सोमवार को जिला पंचायत संचार संकर्म समिति सभापति जितेन्द्र यादव ने इस पर नाराजगी जताते हुए एजेंडा का बुकलेट सदन में फेंककर सामान्य सभा की बैठक से वाकआउट कर दिया। उनके पीछे जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, उपाध्यक्ष पवन शर्मा व अन्य सदस्य भी बैठक छोड़कर बाहर आ गए। सदस्य जितेंद्र यादव ने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक वे सदन में नहीं आएंगे। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर जिला पंचायत परिसर में टेंट लगाकर प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी है। भाजपा सदस्यों द्वारा बैठक का बहिष्कार करने के कुछ देर बाद कांग्रेसी सदस्य भी बाहर आ गए। इसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई।