रायपुर।छत्तीसगढ़ में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। राजनितिक पार्टियां अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। प्रदेश में विपक्ष की भूमिका अदा कर रही भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव 2024 जीतने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती है। इसलिए अभी से चुनाव की तैयारी में पार्टी ने पूरी ताक़त झोंक दी है। पिछले दो दिनों से प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठकों का दौर चल रहा है। सभी कार्यकर्ताओं की बैठक प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ले रहे हैं।
इसी कड़ी में आज भाजपा के समस्त मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रदेश के भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में सभी मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर में उतरकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी को जनता के सामने लाकर हल्ला बोलने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि संयुक्त मोर्चा के कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को निचले स्तर पर काम करने को कहा गया है। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया है कि युवा मोर्चा युवाओं का मुद्दा उठाएगा, किसान मोर्चा किसानो का मुद्दा उठाएगा, महिला मोर्चा को महिलाओं के मुद्दे को उठाने के लिए कहा गया है। सभी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर में जाकर जनता से जुड़ने को कहा गया है।

इस बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी उपस्थित थे।