बलराम यादव
पाटन। सत्ताधारी दल भाजपा को संगठन और अनुशासन के नाम से भी जाना जाता है । मंडल अध्यक्ष नियुक्त हुए चार माह हो गए लेकिन अभी तक मंडल के कार्यकारिणी का विस्तार भी नहीं किया जा सका है। जानकारी के मुताबिक सभी मंडल अध्यक्ष कार्यकारिणी की सूची को भाजपा के जिला अध्यक्ष के पास भेज दिए है। लेकिन अभी तक जिला अध्यक्ष मंडल का कार्यकारिणी विस्तार की अनुशंसा पर अंतिम मुहर नहीं लगा पाए है। अब देखना है कि पाटन विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को मंडल की कार्यकारिणी की सूची जानने के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा।
पाटन विधानसभा में दो नगर पालिका परिषद कुम्हारी और अमलेश्वर तथा एक नगर पंचायत पाटन शामिल है। इसके अलावा 108 ग्राम पंचायत शामिल है। बड़े क्षेत्र को देखते हुए भाजपा संगठन ने इस बार एक मंडल और बनाए है। अब कुम्हारी, पाटन, अमलेश्वर, जाम गांव आर और दरबार मोखली मंडल है। इनमें से दरबार मोखली मंडल इसी सत्र में बनी है। मंडल अध्यक्ष गठन के बाद पंचायत चुनाव हुआ जिसमें भाजपा समर्थन के ज्यादा से ज्यादा जनप्रतिनिधि चुनकर आए है। मंडल अध्यक्ष नियुक्ति के बाद कई कार्यकताओं में अपेक्षा जागी थी कि मंडल के कार्यकारिणी में उसे स्थान मिलेगा लेकिन अब यह ज्यादा विलंब हो रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में उदासीनता भी देखने को मिल रही है। उत्तर पाटन अमलेश्वर के मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर ने बताया कि मंडल की कार्यकारिणी की सूची तैयार कर भाजपा के जिला अध्यक्ष को सौंप दिया गया है।

सांसद और संगठन खेमा में खींचतान
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस सूची को पांचों मंडल अध्यक्ष ने जिला अध्यक्ष को भेजा है उसी में ही फाइनल नाम तय होना है। वही भाजपा के अंदरूनी सूत्रों से जानकारी मिली है कि मंडल अध्यक्ष की कार्यकारिणी की सूची खासतौर पर पाटन विधानसभा के सभी मंडल का सांसद विजय बघेल ही सूची को अंतिम रूप देंगे। वही बताया जा रहा है कि संगठन खेमा में पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के भी समर्थकों को सूची में स्थान दिया जा सकता है।
भाजपा में इन पदों पर होगी नियुक्ति
भाजपा के पांच मंडल में जो सूची गई है उनमें प्रत्येक मंडल में दो महामंत्री, चार महामंत्री, चार उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, सहित विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष का भी नियुक्ति किए जाना है। इसके अलावा कार्यकारिणी का सदस्य भी बनाए जाएंगे।
