रिपोर्टर, चंद्रभान यादव
जशपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव के कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत में भाजपा नेताओं के साथ रहे पत्थलगांव जनपद पंचायत के सीईओ संजय सिंह को पद से हटा दिया गया है। भाजपा नेताओं के साथ संजय सिंह की फोटो सोशल साइट्स पर जमकर वायरल हुई थी। शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक इन्हे आगामी आदेश तक के लिए कार्यालय आयुक्त आदिमजाति अनुसूचित जाति विकास इंद्रावती भवन रायपुर में सेवा देनी होगी।

यह आदेश शुक्रवार को जारी हुआ है। गौरतलब है कि 10 नवंबर को जनपद सीईओ संजय सिंह द्वारा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को शॉल गमछा देकर स्वागत किया गया था। जिसकी तस्वीर वायरल हुई थी। तस्वीर में सीईओ संजय सिंह भाजपा नेताओं के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होते दिख रहे थे।