उतई में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला, भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया, कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं, कार्रवाई तेजी से हुई है, लेकिन कांग्रेसी जबदस्ती माहौल खराब कर रहे है: प्रवीण यदु


उतई।
भाजपा उतई मंडल के महामंत्री प्रवीण कुमार यदु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे जबरदस्ती माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं, वहीं सांसद विजय बघेल जिला अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हालचाल लिया और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रवीण यदु ने कहा कि कुछ दिन पहले उतई में 5 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना अत्यंत हृदयविदारक, शर्मनाक और झकझोर देने वाली है। यह घटना पूरे समाज को कलंकित करती है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ललित चंद्राकर ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ की जाए, ताकि दोषी को शीघ्र सख्त सजा मिल सके।
भाजपा कार्यकर्ता लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं और हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और बच्ची के इलाज, सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अंत में प्रवीण यदु ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।