सोशल मीडिया पर भ्रामक व अमर्यादित वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश, थाने में की गई कड़ी कार्रवाई की मांग

नगरी /सिहावा, बेलरगांव।भारतीय जनता पार्टी मंडल नगरी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पार्टी के विरुद्ध अमर्यादित, अशोभनीय एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित किए जाने के विरोध में थाना प्रभारी, थाना नगरी (जिला धमतरी) को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जिससे करोड़ों नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। पार्टी के एक संगठनात्मक कार्यक्रम के वीडियो को निजी रील (Reel) बनाकर, गलत ढंग से व्याख्यायित करते हुए तथाकथित न्यूज चैनलों—’श्रीराज न्यूज’, ‘विस्तार न्यूज’ तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर गलत एवं भ्रामक रूप से प्रसारित किया जा रहा है।


भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार फर्जी टिप्पणियों के साथ तथ्यहीन व भ्रामक खबरें फैलाकर पार्टी की छवि धूमिल करने तथा कार्यकर्ताओं के विश्वास पर कुठाराघात करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समूचे भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है। यह कृत्य न केवल अमर्यादित है, बल्कि विधि एवं कानून का स्पष्ट उल्लंघन भी है।
भाजपा मंडल नगरी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित चैनलों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच कर कठोर से कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।


इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस,अकबर कश्यप,प्रेमलता नागवंशी,सुरजोतिन साहू,नागेन्द्र शुक्ला,विकल गुप्ता,कमल डागा ,मोहन नाहटा, हुमीत लिमजा,बलजीत छाबड़ा,हृदय साहू,मोहन पुजारी,भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश गोसाई, मंडल महामंत्री श्री रूपेंद्र साहू, श्रीमती सुलोचना साहू, भाजयुमो सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।