रायपुर।छत्तीसगढ़ बीजेपी का घोषणा पत्र सुझाव अभियान गुरुवार से शुरू हुआ। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में इसका शुभारंभ किया गया। लोगों से उनके सुझाव लेने के लिए सुझाव पेटिका बांटी गई। प्रदेशवासी अपने सुझाव घोषणा पत्र समिति तक पहुंचा सके इसके लिए व्हाट्सएप नंबर और मेल आईडी भी जारी किया गया। भाजपा कार्यकर्ता सुझाव पेटिका के साथ प्रत्येक विधानसभा स्तर के गांव-गांव घर-घर जाकर सभी सामाजिक धार्मिक व्यापारिक खेल संगठनों के साथ आम जनों से मिलकर सुझाव एकत्रित करेंगे।
प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने बस्तर से लेकर सरगुजा तक सभी 35 जिला संगठन इकाइयों के पदाधिकारियों को सुझाव पेटिकाएं सौंपी

प्रदेश प्रभारी माथुर ने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र के लिए सीधी जन भागीदारी करके सरकार को जनभावनाओं को अनुरूप संचालित करना भारतीय जनता पार्टी का अपना अभिनव राजनीतिक चिंतन है और भाजपा सन 2003 से इसी प्रकार अपने घोषणा पत्र की रचना करती आ रही है। घोषणा पत्र को जनभावनाओं के अनुरूप, छत्तीसगढ़वासियों के मन की बात के अनुरूप बनाने के लिए प्रदेश भाजपा की घोषणा पत्र समिति के मार्गदर्शन में सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता समाज जीवन के हर वर्ग तक सुझाव संग्रह करने पहुंचें और समाज को यह संदेश दें। संसाधन-सम्पन्न छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आपकी इच्छा और आपके मन की बात के अनुरूप काम करने वाली होगी।