राजकुमार सिंह ठाकुर
पंडरिया । सीनियर सिटीजन समिति कवर्धा-पंडरिया द्वारा बुधवार को जनहित कार्यों में एक और कदम बढ़ाते हुए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर में आवश्यकता को देखते हुए रोगियों की ठंड से बचाव के लिए 30 कंबल भेंट किए गए।

कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष विघ्नहर्ता गणेश की पूजा करते हुए किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित नगर के चिकित्सक डॉक्टर वी पी जयसवाल, सुखचैन चंद्रवंशी, नरेंद्र ठाकुर ,डॉक्टर रोहित जयसवाल, श्याम सुंदर मिश्रा, जगदीश जायसवाल ,मिलन बंजारे,प्रवीण गुप्ता कवर्धा से सीनियर सिटीजन समिति के अध्यक्ष मदन तंबोली, उपाध्यक्ष सुखी राम चंद्रवंशी, सचिव चंद्रहास सिंह परिहार, कोषाध्यक्ष बलदाउ प्रसाद सोनी ,सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉक्टर आरके भू आर्य, फील्ड मार्शल मूलचंद देवांगन एवं समिति के प्रदेश प्रतिनिधि इंजीनियर एसएस जैन का पुष्प गुच्छ से सम्मान किया गया। एसएस जैन ने समिति के कार्यों के विषय में बताया कि समिति विगत 10 वर्षों से अपने जनहित कार्यों के उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ रही है। पहले हमारी समिति में प्रारंभ में केवल 28 सदस्य थे,जो आज बढ़कर 250 से ऊपर हो गए हैं। समिति का कार्य क्षेत्र संपूर्ण कबीरधाम जिला है। जिसमें हम बैगा आदिवासी क्षेत्र में कंबल ,साड़ी, मच्छरदानी बच्चों के वस्त्र एवं स्टील प्लेट आदि का वितरण करते हैं। यदि किसी परिवार में कोई विवाद होता है ,तो उसे भी समझाने का प्रयास किया जाता है। हम अपने प्रत्येक सदस्य का जन्मदिन माह में एक बार आयोजित कर मनाते हैं। उक्त कार्यक्रम आयोजित करने के लिए हम सभी सदस्य आपस में राशि एकत्रित करते हैं एवं अन्य गणमान्य नागरिकों से भी सहयोग दान के रूप में प्राप्त करते आ रहे हैं।उक्त कार्यक्रम हेतु पंडरिया के डॉक्टर जयसवाल,विधायक प्रतिनिधि ललित धुर्वे ,सुखचैन चंद्रवंशी, उच्च माध्यमिक शाला प्राचार्य, महिला एवं बाल विकास परियोजना के अधिकारी कर्मचारी, तहसीलदार कुकदुर, सेवा सहकारी समिति कुकदुर, प्रवीण गुप्ता पंडरिया समिति के सदस्य जगदीश जयसवाल एवं श्याम सुंदर मिश्रा के सहयोग से दान में प्राप्त कंबल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर में भर्ती मरीजों के लिए भेंट किया गया।
समिति के अध्यक्ष मदन तंबोली ने समस्त दानदाताओं का आभार मानते हुए और उसमें भी सहयोग देने की अपेक्षा की। डॉक्टर वी पी जयसवाल, जगदीश जयसवाल, श्यामसुंदर मिश्रा ने भी कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सभी उपस्थित दानदाताओं एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया।