स्कूल के पास धधकता ईंट भट्ठा: प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संचालक पर शिकंजा कसना शुरू, पाटन ब्लॉक के ग्राम कौही का मामला


पाटन।
पाटन ब्लॉक के ग्राम कौही में स्कूल के ठीक पास संचालित हो रहे ईंट भट्ठे के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर पड़ रहे प्रतिकूल असर की शिकायतों के बाद अब कार्रवाई तेज कर दी गई है।
मौके पर स्वयं तहसीलदार पवन सिंह ठाकुर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पहले ही स्कूल के पास ईंट भट्ठा चलाए जाने से बच्चों को हो रही दिक्कतों की जानकारी प्रशासन को दी थी। धुएं और धूल से छात्रों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था, जिसके चलते अभिभावकों में भारी नाराजगी थी।
इधर खनिज विभाग ने भी ईंट भट्ठा संचालक को नोटिस थमा दिया है। बताया जा रहा है कि इस भट्ठे की पूर्व में जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन एसडीएम पाटन को सौंपा जा चुका है। अब उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव के निर्देश पर प्रशासनिक अमला लगातार कार्रवाई में जुटा है। साफ संकेत हैं कि नियमों की अनदेखी और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भट्ठा हटाया नहीं गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन की अगली बड़ी कार्रवाई पर टिकी हैं।