पाटन। शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खो-खो चयन स्पर्धा का आयोजन सोमवार 7 जुलाई को ग्राम झीट स्थित खेल मैदान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट (पाटन) के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र (राजू) साहू उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में एडवेंचर खो-खो क्लब के अध्यक्ष पवन ठाकुर, एकलव्य खो-खो क्लब के अध्यक्ष टीकाराम साहू तथा पूर्व माध्यमिक शाला झीट के प्रधान पाठक छत्तर राम ठाकुर मौजूद रहे। इसके अलावा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए व्यायाम शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।






