रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मस्जिद के पास एक घर में एक ही परिवार के पांच लोगों का शव मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पिता, मां और दो बेटियां ने की आत्महत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में साजिद अली (50), उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बेटे की उम्र 19 साल, बेटियों की उम्र 16 और 17 साल बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति ने फांसी लगाई है और पत्नी-बच्चों ने जहर खाया है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। वे किराए के मकान में रहते थे। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। चार लोग थे या पांच, इसकी भी जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम मौके पर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना टिकरापारा क्षेत्र के मदनी चौक, संजय नगर में साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों—इरशाद अली, शाहिदा बेगम एवं इरशाबा परवीन के मृत पाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फांसी पर लटका मिला, जबकि पत्नी एवं तीनों बच्चों की मृत्यु विषाक्त पदार्थ सेवन से होना प्रतीत हो रही है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा,मर्ग कायम कर मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत विवेचना की जा रही है।






