Boycott Maldives: मालदीव के मंत्री के बयान पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स, ट्रेंड हुआ बॉयकॉट मालदीव

साभार अमर उजाला, foto social media

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रविवार से हैशटेग बॉयकॉट मालदीव जमकर ट्रेंड हो रहा है। आइए जानते हैं ऐसा क्या हुआ कि अचानक से भारत के लोगों का गुस्सा मालदीव पर फूट गया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लक्षद्वीप का दौरा किया था। उनके इस दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं और भारत में मालदीव और लक्षद्वीप की तुलना शुरू हो गई। फिर क्या था मालदीव के मंत्रियों को मिर्ची लग गई और भारत विरोधी बयान दे दिया। उनके बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives ट्रेंड हो रहा है। लोग मालदीव को खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं। 

लोगों का कहना है कि टूरिज्म पर निर्भर मालदीव को भारत की ताकत का अंदाज ही नहीं है। इतना ही नहीं कई लोग हैं जो मालदीव की यात्रा कैंसिल कराकर अब लक्षद्वीप को तरजीह दे रहे हैं।

मालदीव को लगेगा झटका
सोशल मीडिया पर जिस तरह से लोग मालदीव के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं उससे इतना तो तय है कि मालदीव को झटका लगना तय है। मालदीव की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर ही निर्भर है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट शेयर किए जा रहे हैं जिसमें लोग अपने मालदीव के टूर को कैंसल करने की जानकारी देते हुए स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं।

एक्स पर एक यूजर ने अपनी मालदीव की यात्रा को रद्द करने की जानकारी देते हुए लिखा, ‘मैं अपने जन्मदिन के लिए मालदीव जाने की योजना बना रही थी, जो दो फरवरी को पड़ता। ट्रैवल एजेंट के साथ बात भी हो गई थी, लेकिन मालदीव के मंत्री के ट्वीट को देखने के बाद तुरंत रद्द कर दी।’