ब्रेकिंग न्यूज: जंगली सूअर का हमला: 10 ग्रामीण घायल, 5 की हालत गंभीर, तेंदूपत्ता बिनने गए थे ग्रामीण, मौके पर विलंब से पहुंचे फारेस्ट अधिकारी और पुलिस बल, ग्रामीणों में रोष


राजनांदगांव। जिले के एलबी नगर के पास स्थित मुगलानी/कोहलाकसा क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब जंगल में तेंदूपत्ता बीनने गए ग्रामीणों पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव लाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभी ग्रामीण जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह के लिए गए हुए थे, तभी जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी साधनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना की सूचना के बावजूद वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में रोष देखा गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में वन्य जीवों के बढ़ते खतरे को देखते हुए उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।