अंडा-खप्परवाडा पुलिया का टूटा डिवाइडर बना हादसों का कारण, जिम्मेदार विभाग बेखबर

संजय साहू

अंडा। दुर्ग से बालोद रोड पर अंडा खप्परवाडा के बीच स्थित पुलिया का डिवाइडर पिछले 2 से 3 वर्षों से टूटा हुआ पड़ा है। इसके साथ ही सड़क की हालत भी जर्जर हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लोक निर्माण विभाग (PWD) और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। टूटी पुलिया और खराब सड़क के कारण यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। खासकर रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक साबित होता है, क्योंकि सड़क और पुलिया की क्षतिग्रस्त स्थिति स्पष्ट नजर नहीं आती।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग की अनदेखी से ग्रामीण 2-3 साल से परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर हालात का अंदाजा लगा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि पुल के क्षतिग्रस्त डिवाइडर की जल्द मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के लिए आवश्यक संकेतक व बैरिकेड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते कार्रवाई करेगा।