अंडा-खप्परवाडा पुलिया का टूटा डिवाइडर बना हादसों का कारण, शनिवार को फिर हुआ हादसा

अंडा। दुर्ग-बालोद मुख्य मार्ग पर अंडा और खप्परवाडा के बीच स्थित पुलिया का टूटा हुआ डिवाइडर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। पिछले 2 से 3 वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ा यह डिवाइडर अब भी मरम्मत की राह देख रहा है। वहीं शनिवार को एक बार फिर इसी स्थान पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में चार लोग सवार थे, जो ग्राम दनिया के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कार के दरवाजे नहीं खुलने पर शीशा तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के डिवाइडर के साथ-साथ सड़क भी जर्जर हो चुकी है। कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को हुई यह घटना विभागीय लापरवाही की एक और मिसाल बन गई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। रात के समय टूटा डिवाइडर और खराब सड़क स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पुलिया के क्षतिग्रस्त डिवाइडर की तत्काल मरम्मत कर सड़क को दुरुस्त किया जाए तथा सुरक्षा संकेतक और बैरिकेड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा—क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही इस पुलिया की मरम्मत होगी, या अब समय रहते कार्रवाई की जाएगी।