अर्जुनी/सुहेला। जिला पंचायत सभापति ईशान वैष्णव ने मंगलवार को ग्राम पंचायत मटिया एवं फरहदा में स्थित शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की वस्तुस्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई, सुविधाओं एवं विद्यालय में मिलने वाली शिक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त की।
सभापति ईशान वैष्णव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और शिक्षा को जीवन की नींव मानने की प्रेरणा दी। वहीं शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों की बौद्धिक, नैतिक और सामाजिक उन्नति के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जब मटिया विद्यालय की कक्षा कक्ष की बदहाल स्थिति देखी गई, तो सभापति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 5 लाख की लागत से एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण की घोषणा की। ग्रामीणों और शिक्षकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए जरूरी बताया। वंही ग्राम पंचायत फरहदा शासकीय विद्यालय में साफ-सफाई और आधारभूत संरचना की आवश्यकता को समझते हुए सभापति वैष्णव ने विद्यालय भवन में टाइल्स लगाने के लिए 3 लाख की मंजूरी देने की घोषणा की। इससे विद्यालय का वातावरण और भी स्वच्छ एवं विद्यार्थियों के अनुकूल बन सकेगा।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने बड़ी संकाय में सहभागिता की। प्रमुख रूप से फरहदा सरपंच महिष जांगड़े, मटिया सरपंच टीकाराम निषाद, महेश यदु, बालकरण सिंह ठाकुर, विजय साहू, लक्ष्मण साहू, प्रेम साहू, हरीश साहू, हर्ष वर्मा, चंदन ध्रुव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभापति द्वारा की गई घोषणाओं पर स्थानीय जनता, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए आभार जताया और कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अंचलों के बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सकेगा।
विद्यार्थियों से जानकारी लेते हुए जिला पंचायत सभापति ईशान वैष्णव।







