बेलरगांव में अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

नगरी/ सिहावा, बेलरगांव।बेलरगांव में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का बुलडोजर चला। राजस्व विभाग के अमले एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार एवं पुलिस अमला, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम कोटवार सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की टीम ने पहले अतिक्रमण चिन्हांकित किया, इसके बाद जेसीबी / बुलडोजर की मदद से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसकी शिकायत लगातार मिल रही थी। शिकायतों के बाद प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर समझाइश दी थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।