अहिवारा नगर के लिए नासूर बनता जा रहा है बस स्टैंड का ट्रैफिक जाम, सड़क पर लगने लगी है दुकानें, रोकने वाला कोई नहीं, पढ़िए पूरी खबर

बलराम यादव
अहिवारा। शहर का बस स्टैंड क्षेत्र इन दिनों ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। यह समस्या अब धीरे-धीरे नासूर बनती जा रही है, जिससे आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यवस्था सुधारने में नाकाम जिम्मेदार तंत्र
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर कई जनप्रतिनिधि आए और गए, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सड़क पर फैलती दुकानें बन रहीं मुख्य कारण
बस स्टैंड के आसपास सड़क पर लगने वाली दुकानें इस समस्या की सबसे बड़ी वजह बन गई हैं। ठेला, नाश्ता दुकानों और अन्य व्यापारियों द्वारा सड़क तक अतिक्रमण कर लिया जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है। फल विक्रेता भी अपनी दुकानें सड़क तक फैला देते हैं, जिससे रास्ता और संकरा हो जाता है।
अतिक्रमण को मिल रहा संरक्षण?
स्थानीय नागरिकों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर सड़क पर लगने वाली इन दुकानों को किसका संरक्षण मिल रहा है। बिना किसी रोक-टोक के रोजाना अतिक्रमण होना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
नगर पालिका और पुलिस पर उठ रहे सवाल
नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारी और पुलिस प्रशासन इस समस्या से जनता को निजात दिलाने में अब तक असफल नजर आ रहे हैं। समय-समय पर कार्रवाई की बात तो होती है, लेकिन उसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देता।
पार्किंग व्यवस्था का अभाव भी बना कारण
बाजार क्षेत्र में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं। इससे ट्रैफिक और अधिक बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
जनता को राहत कब?
लगातार बढ़ती इस समस्या से लोग अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। यदि जल्द ही प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

फाइल फोटो