रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होगी। महानदी भवन स्थित मंत्रालय में सुबह 11.30 बजे बैठक शुरू होगी। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी विभाग के सचिवों से कैबिनेट में मंजूरी योग्य प्रस्ताव समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट में राज्योत्सव, धान खरीदी की शुरुआत, नई औद्योगिक नीति और नक्सलवाद खत्म करने के लिए पुनर्वास नीति समेत कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
बताते चलें कि इससे पहले कैबिनेट की बैठक सात अगस्त को हुई थी, जिसमें गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व बनाए जाने निर्णय लिया गया था। कैबिनेट की बैठक पर राज्य के सरकारी कर्मचारियों की भी निगाहें टिकीं हुई हैं। कर्मचारी डीए बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। 27 को एक दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में कैबिनेट में डीए के मुद्दे पर भी मंथन होने की संभावना जताई जा रही है।
