खपरी सिलोदा में मनरेगा के तहत नहर नाली सफाई व गहरीकरण कार्य जारी, किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

अंडा। ग्राम खपरी सिलोदा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत शिव मंदिर से नरोत्तम साहू के खेत तक नहर नाली की सफाई एवं गहरीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस कार्य से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई व्यवस्था में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि नहर नाली में लंबे समय से कंटीले पेड़-पौधे उग आए थे तथा मिट्टी का जमाव हो जाने के कारण अपासी (सिंचाई) के समय खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इससे किसानों को खेती में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
अब मनरेगा योजना के तहत नाली की सफाई और गहरीकरण होने से पानी का प्रवाह सुचारू रूप से होगा और किसानों के खेतों तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचेगा। इससे खेती-किसानी में सुविधा होगी और उत्पादन बढ़ने की संभावना है।
इस कार्य में वर्तमान में 88 मजदूर लगे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजगार भी मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस कार्य को गांव और किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।