अंडा। अंडा क्षेत्र से 3 कि. मी. के दूरी पर ग्राम खप्परवाडा में ओडिशा से गांजा लाकर बालोद जिले में अवैध रूप से बिक्री करने वाले तस्करी नेटवर्क का सनौद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल एक महिंद्रा पिकअप, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में दर्ज मामले की जांच के दौरान ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी के घर गांजा रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां आरोपी भीषम सतनामी (28 वर्ष) के कब्जे से दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में भीषम ने गांजा ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई।
कामता से पूछताछ में दो सगे भाइयों का खुलासा
कामता प्रसाद कोसरे से पूछताछ के दौरान ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल (28 वर्ष) और कुलेश्वर पटेल (24 वर्ष) के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, कामता ने बताया कि दोनों भाई करीब एक साल से उसके गांव आकर गांजा बेचते थे। वह उनसे गांजा खरीदकर भीषम सतनामी को छोटी-छोटी मात्रा में बिक्री के लिए उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने कामता के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 3 हजार रुपये और सप्लाई से संबंधित बातचीत में इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल फोन भी जब्त किया।
लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखा था 136 किलो गांजा
कामता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खप्परवाड़ा पहुंचकर दोनों भाइयों की तलाश की। गांव के बाहर घेराबंदी कर ओमप्रकाश और कुलेश्वर पटेल को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने वर्ष 2023 में खेती छोड़कर महिंद्रा पिकअप खरीदी थी। वाहन किराये पर चलाने और अन्य कार्यों में आर्थिक नुकसान तथा किश्तों की परेशानी के बाद वे फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। इसी दौरान अधिक मुनाफे के लालच में गांजा तस्करी शुरू कर दी। वे ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से एक बार में लगभग 10 से 20 किलो गांजा लाकर अपने घर में छिपाते और स्थानीय स्तर पर बिक्री करते थे।
तलाशी के दौरान उनके घर में लोहे की पेटी और दीवान के भीतर छिपाकर रखे गए 134 पैकेटों से 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 27 हजार 800 रुपये बताई गई है।
85 लाख 72 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575 की कीमत 15 लाख रुपये, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BF 9607 की कीमत 1 लाख 7 हजार रुपये, चार मोबाइल फोन की कीमत 25 हजार रुपये और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। इस तरह कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये है।
चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में भीषम सतनामी, कामता प्रसाद कोसरे, ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े तथ्यों के आधार पर मूल प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ी गई है। आरोपी भीषम सतनामी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी विनय साहू के मार्गदर्शन में की गई। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ANTF बालोद की टीम लगातार अभियान चला रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंग सोरी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार साहू, विश्वजीत मेश्राम सहित थाना सनौद के पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल बालोद प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक धरम भुआर्य एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।






