महासमुंद के जोक नदी पुराने पुल पर कार-बाइक की टक्कर से दोनों वाहन नदी में गिरे। हादसे में एक की मौत और एक युवक लापता बताया जा रहा है।

महासमुंद। जिले में जोक नदी के पुराने पुल पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे के समय कार में चार और बाइक पर तीन लोग सवार थे।

हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा एक युवक नदी के गहरे पानी में गिरने के बाद लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।

नदी में गिरे दोनों वाहन
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार और बाइक दोनों नदी में जा गिरे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत और बचाव के प्रयास शुरू किए गए, जिसके बाद हादसे में शामिल अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बाइक सवार युवक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस की मौजूदगी में उसकी तलाश नदी के गहरे हिस्से में की जा रही है।
पुलिस मौके पर, लापता युवक की तलाश जारी
सांकरा पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे मामले की निगरानी कर रही है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में लापता युवक की तलाश जारी है। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। लापता युवक के मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।





