सारंगढ़।सारंगढ़ क्षेत्र के माधोपाली पुल से रविवार की शाम बही कार का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल पाया था। सवार पति-पत्नी का भी कोई सुराग नहीं मिला है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार दो दिनों से झमाझम बारिश की वजह से क्षेत्र के नदी नाले पुल पुलिया उफान पर हैं। इसी के चलते रविवार की शाम लगभग 5 बजे माधोपाली पुल के पास एक कार और उसमें सवार पति-पत्नी समेत पानी के तेज बहाव से बह गए।

कार और उस पर सवार दंपत्ती का रेस्क्यू ऑपरेशन उसी वक्त से चालू है, लेकिन अभी तक ना तो कार मिली है ना ही कार में सवार पति-पत्नी। ऐसे में प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि सोमवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने माधोपाली घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने रेस्क्यू टीम को आवश्यक निर्देश भी दिए।

बड़े घोठला गांव निवासी हैं दंपत्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार दंपत्ती ग्राम बड़े घोठला निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी कार में बने पुल के नीचे लातनाला में बरसात के भारी बहाव पानी में बह गए थे। कलेक्टर एसपी ने राज्य आपदा राहत (एसडीआरएफ) की टीम और ग्रामीणों से कार में सवार पति पत्नी की तलाशी और घटना के संबंध में की जानकारी ली।
लोग बचाने की कोशिश के बजाय बनाते रहे वीडियो
रविवार को जब घटना घटी उस समय पुल के नीचे से पानी बह रहा था। इसका वीडियो रिकार्ड मिला है। चालक द्वारा गाड़ी चलाने के दौरान असावधानी बरती गईं, उस समय वहां मौजूद 6-7 लोग बचाने की कोशिश करने की बजाय मोबाइल में वीडियो बनाते रहे। कहा जा रहा है कि, दुर्घटना के समय तत्काल यदि लोग मदद करते तो पति-पत्नी को बचाया जा सकता था।





