पाटन।
सीजी मितान में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। प्रशासन ने किसान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। एसडीएम के निर्देश पर टूटे हुए तालाब पार की मरम्मत कराई गई, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, दौर में आयोजित सुशासन शिविर में मुड़पार के एक किसान ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बताया था कि तालाब का पार टूट जाने से लगातार पानी खेतों में घुस रहा था, जिससे फसल बर्बाद हो रही थी। किसान ने समस्या का निराकरण नहीं होने पर इच्छामृत्यु की मांग तक कर दी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद तत्काल ग्राम पंचायत को टूटे हुए तालाब पार की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की तत्परता के बाद शुक्रवार को जेसीबी की मदद से तालाब पार की मरम्मत का कार्य पूरा कराया गया। समस्या का समाधान होने के बाद पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन, एसडीएम एवं राजस्व विभाग का आभार जताया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।






