पाटन। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम गोड़पेंडरी से एक बड़ी खबर, जहां सीजी मितान की खबर का असर देखने को मिला है। किसानों के खेतों में लंबे समय से भरे बारिश के पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार मनोज रस्तोगी, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ, उपयंत्री और पंचायत प्रतिनिधियों की टीम मौके पर पहुंची और पानी निकासी के लिए सड़क किनारे नाली निर्माण का काम शुरू कराया गया। हालांकि, मौके पर उस समय कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति भी बन गई, जब संबंधित खदान संचालक ने अपनी जमीन से पानी निकासी के लिए रास्ता देने पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और किसानों की समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कराया।

गौरतलब है कि लगातार बारिश के कारण गोड़पेंडरी के कई किसानों के खेतों में पानी भर गया था। किसान लगातार मांग कर रहे थे कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से उनकी फसलें खराब हो रही हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को सीजी मितान ने प्रमुखता से उठाया था।

खबर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और अब सड़क किनारे नाली बनाकर खेतों से पानी निकालने की पहल शुरू कर दी गई है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही खेतों से पानी निकलने लगेगा और उनकी बची हुई फसल को नुकसान से बचाया जा सकेगा।








