रायपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि मानसून सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम बना हुआ है।

मौसम विभाग ने सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
2 और 3 अगस्त को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, कई जिलों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। वहीं रामानुजनगर, लैलूंगा, अकलतरा, लैलूंगा, बेलतरा, भोपालपटनम और आसपास के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।






