रायपुर।छत्तीसगढ़ राज्य के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम की घोषणा आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में की जाएगी।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के मंत्री गजेन्द्र यादव एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जैसे ही मुख्यमंत्री द्वारा परिणाम घोषित किया जाएगा, विद्यार्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से देख सकेंगे।
शिक्षा मंत्री यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि इंतजार की घड़ियाँ अब समाप्ति की ओर हैं। कल दोपहर 02:30 बजे माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। यह केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखने, परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करने और भविष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएँ। प्रत्येक परिणाम एक नई शुरुआत का संकेत है, और हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएँ निहित हैं।
बता दें कि इस बार हिंदी का पेपर लीक होने की वजह से कक्षा 10वीं की हिंदी परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की गई थी। इस कारण परीक्षा परीणाम जारी होने में देरी हो रही है।
माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य समय पर हो चुका है। कोई गलती न हो, इसे लेकर सावधानी बरती गई है।
कुल पंजीकृत छात्र- CGBSE Results 2026
कक्षा दसवीं में 3,20,535 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। वहीं कक्षा 12वीं में 2,45,785 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कुल मिलाकर करीब 5.66 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं इस बार बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट? – CGBSE Results 2026
छात्र रिजल्ट जानने के लिये छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट्स cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर रोल नंबर डालकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
कैसे चेक करें रिजल्ट? CGBSE Result 2026
छात्र इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना रिजल्ट देख सकते हैं-
- सबसे पहले माशिमं की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर ‘CGBSE 10th Result 2026’ या ‘CGBSE 12th Result 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
- अब अपना रोल नंबर डाले फिर कैप्चा कोड दर्ज करें।
- Submit बटन पर क्लिक करें।
- इसके बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे डाउनलोड कर लें और प्रिंट निकालकर रख लें।
बेहतर था पिछले साल का रिजल्ट
पिछले वर्ष सात मई 2025 को बोर्ड ने परीक्षा परिणाम घोषित किया था। उस समय कक्षा 10वीं में 68.76% छात्र उत्तीर्ण हुए थे। वहीं कक्षा 12वीं का रिजल्ट 82.25% रहा था।






