CGBSE Supplementary Exam 2026: जुलाई में होगी 10वीं-12वीं की पूरक परीक्षा, छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी की डेटशीट

रायपुर।CGBSE Supplementary Exam 2026 Dates Out: छत्तीसगढ़ बोर्ड (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 8 से 22 जुलाई और 10वीं की परीक्षाएं 9 से 21 जुलाई तक होंगी। सभी पेपर सुबह 9 बजे से 12:15 बजे तक एक ही पाली में आयोजित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE), रायपुर ने वर्ष 2026 के लिए 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, मुख्य परीक्षा में असफल रहे या अपने अंकों में सुधार करना चाहने वाले विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलेगा। पूरक परीक्षा को द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा के नाम से भी जाना जाता है।

बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी और परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

8 जुलाई से शुरू होंगी 12वीं की पूरक परीक्षाएं

हायर सेकेंडरी (कक्षा 12) की पूरक परीक्षाएं 8 जुलाई 2026 से शुरू होकर 22 जुलाई 2026 तक चलेंगी। परीक्षा का पहला पेपर हिंदी विषय का होगा। इसके बाद विभिन्न विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।

प्रमुख तिथियों में 10 जुलाई को अंग्रेजी, 11 जुलाई को संस्कृत, 15 जुलाई को भूगोल एवं भौतिक विज्ञान, 17 जुलाई को राजनीति विज्ञान, रसायन विज्ञान और लेखाशास्त्र, 21 जुलाई को गणित तथा 22 जुलाई को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर एप्लीकेशन, संगीत, नृत्य और अन्य विषयों की परीक्षाएं शामिल हैं।

9 जुलाई से शुरू होगी 10वीं की पूरक परीक्षा

हाई स्कूल (कक्षा 10) की पूरक परीक्षाएं 9 जुलाई से प्रारंभ होकर 21 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा की शुरुआत गणित विषय से होगी।

इसके बाद 11 जुलाई को प्रथम भाषा हिंदी, 14 जुलाई को द्वितीय भाषा अंग्रेजी, 16 जुलाई को विज्ञान, 18 जुलाई को सामाजिक विज्ञान तथा 20 जुलाई को संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल समेत अन्य तृतीय भाषा विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 21 जुलाई को संगीत और चित्रकला विषय की परीक्षा होगी।

छुट्टी के दिन भी हो सकती है परीक्षा

सीजीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान यदि कोई स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तब भी परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी।

बोर्ड ने यह भी बताया कि निजी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक और प्रोजेक्ट परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों द्वारा आयोजित कराई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर ये परीक्षाएं अवकाश के दिन भी ली जा सकती हैं। विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तिथि और अन्य निर्देशों के लिए अपने केंद्र अधीक्षक के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।