रायपुर।Chakradhar Festival 2024: संगीत और कला की नगरी रायगढ़ में 39वें चक्रधर समारोह का रंगारंग आगाज हुआ। प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय ने 10 दिन तक चलने वाले इस समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संगीत सम्राट महाराज चक्रधर ने शास्त्रीय कला संगीत को विश्व में एक नई पहचान दिलाई है। इस दौरान कलाकारों को कर्मा नृत्य करते सीएम साय खुद को नहीं रोक पाये। उन्होंने कर्मा नर्तकों के मांदर की थाप पर कलाकारों की वेशभूषा में जमकर थिरके। मुख्य मंच पर हाथ में मांदर थामे जमकर झूमे। जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध रह गया। सीएम ने कर्मा नृत्य कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और ओपी चौधरी ने भी कर्मा नृत्य किया।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गारंटी को सायं-सायं पूरा कर रही है। उन्होंने प्रदेश के किसानों, गरीबों सहित सभी वर्गों का आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के प्रगति के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने स्थानीय कला संस्कृति के साथ-साथ पारंपरिक विरासत को सहेजने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने इस मौके पर रायगढ़ में संगीत महाविद्यालय प्रांरभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने संगीत और कला के क्षेत्र में योगदान देने वाले संगीत के मर्मज्ञ विद्वतजनों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रायगढ़ के शैल चित्रों पर आधारित अभिलेखीकरण पुस्तिका एवं चक्रधर समारोह की परिचय पुस्तिका का विमोचन किया।
